‘मैं ज़िंदा हूं, मेरी मौत नहीं हुई’, मृतक लौटा घर
चराईदेव (असम), 21 अप्रैल (हि.स.)। एक बेहद चौंकाने वाली और रहस्यमय घटना में, मृत घोषित किया गया एक युवक अगले ही दिन जीवित अपने घर लौट आया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, चराईदेव जिला मुख्यालय शहर सोनारी निवासी विजय कुर्मी नामक युवक की मौत होने की सूचना पुलिस द्वारा बीते रविवार को उसके बड़े भाई को दी गई थी। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल से शव लाकर अंतिम संस्कार भी कर दिया।
लेकिन घटना ने नाटकीय मोड़ तब ले लिया जब अगले ही दिन यानी 20 अप्रैल को विजय कुर्मी खुद साइकिल चलाकर अपने घर पहुंच गया। उसे सामने देखकर परिवार के सदस्य स्तब्ध रह गए और उन्हें कुछ समझ में नहीं आया।
इस घटना के प्रकाश में आने के बाद पूरे क्षेत्र में तीव्र चर्चा और हैरानी का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि विजय के भाई बिनोद कुर्मी ने आखिर किसके शव का अंतिम संस्कार किया।
फिलहाल इस मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और घटना ने पहचान प्रक्रिया तथा संबंधित व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

