असम इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास की पानी की टंकी में मिला मरा हुआ बंदर, 50 से अधिक छात्र बीमार
गुवाहाटी, 3 नवंबर (हि.स.)। असम इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्रावास में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। छात्रावास की पानी की टंकी में एक मरा हुआ बंदर मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि छात्र पिछले एक सप्ताह से इसी टंकी का पानी पी रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज के छात्रावास नंबर एक की पानी की टंकी में बंदर का शव मिला। इस छात्रावास में रहने वाले चार दर्जन से अधिक छात्र बीमार पड़ गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि दूषित पानी पीने के कारण छात्रों की तबीयत बिगड़ी है।
घटना के सामने आने के बाद छात्रावास में पानी की स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बीमार छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति और कॉलेज प्रशासन की ओर से उठाए गए कदमों के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

