कोकराझाड़ में हग्रामा महिलारी के पीए का शव रेलवे फ्लाईओवर से लटका मिला
कोकराझार (असम), 08 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कोकराझार जिले में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य हग्रामा महिलारी से कथित तौर पर व्यक्तिगत सहायक के रूप में जुड़े 47 वर्षीय महेश ब्रह्म का शव आज खारगांव स्थित नवनिर्मित रेलवे फ्लाईओवर से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मौत के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
हालांकि, प्रारंभिक तौर पर घटना को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन ब्रह्म के परिजनों ने इस संभावना से इनकार किया है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी हत्या करने के बाद शव को फ्लाईओवर से लटकाया गया हो सकता है।
बीटीसी के कार्यकारी सदस्य प्रकाश बसुमतारी ने घटनास्थल का दौरा कर पुलिस से मामले की गहन जांच करने और सभी पहलुओं की पड़ताल करने का आग्रह किया।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण का पता चलने की उम्मीद है।
ब्रह्म कथित तौर पर सांस्कृतिक क्षेत्र से भी जुड़े थे और अपने शांत एवं सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते थे। घटना से स्थानीय लोगों में चिंता और शोक है। पुलिस जांच जारी है और मौत की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हुई हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

