कामरूप (मेट्रो) में एनईईटी (यूजी) 2026 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा
गुवाहाटी, 23 अप्रैल (हि.स.)। आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली एनईईटी (यूजी) 2026 परीक्षा के सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कामरूप (मेट्रो) जिला आयुक्त ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में पुलिस आयुक्त (प्रशासन), अतिरिक्त जिला आयुक्त, सिटी कोऑर्डिनेटर तथा सभी 17 निर्धारित परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे। बैठक में परीक्षा दिवस की समय-सारिणी, घंटी कार्यक्रम, अधिकृत अधिकारियों एवं आवश्यक सामग्रियों सहित सभी प्रमुख कार्यात्मक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सिटी कोऑर्डिनेटर-1 द्वारा परीक्षा दिशानिर्देशों, संचालन प्रक्रियाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई, जिससे सभी केंद्र प्रभारी एवं अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति अवगत कराया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र सभी केंद्रों पर कड़ी व्यवस्था जैसे तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी तथा जैमर लगाने के निर्देश दिए गए।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है, जिससे समावेशी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। बैठक में नकल रोकने के उपाय, गोपनीय सामग्री की पैकिंग, परीक्षा के बाद सामग्री भेजने की प्रक्रिया तथा कर्मचारियों की तैनाती से जुड़े दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा हुई।
जिला आयुक्त ने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को सुगम अनुभव प्रदान करने के लिए सूक्ष्म योजना और विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

