home page

दरंग की खुलिया भाओना असम की सांस्कृतिक पहचान का अनूठा प्रतीक: मुख्यमंत्री हिमंत

 | 
दरंग की खुलिया भाओना असम की सांस्कृतिक पहचान का अनूठा प्रतीक: मुख्यमंत्री हिमंत


गुवाहाटी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को दरंग की पारंपरिक लोकनाट्य कला खुलिया भाओना को राज्य के स्वाभिमान, विरासत और सांस्कृतिक पहचान का अनूठा प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि असम की लोक-संस्कृति को समृद्ध बनाने वाली यह पारंपरिक लोकनाट्य कला सदियों से लोगों के बीच धार्मिक चेतना, सामाजिक मूल्यों और जीवन के गहरे संदेशों का प्रसार करती रही है।

उन्होंने कहा कि इस अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण करना, इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा नई पीढ़ी में इसके प्रति रुचि और जागरूकता पैदा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सरमा ने जोर देकर कहा कि परंपराओं की जड़ों को मजबूत बनाए रखना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जान सकें, समझ सकें और गर्व के साथ इसे आगे बढ़ा सकें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश