धुबड़ी में दार्जिलिंग के 17 वर्षीय किशोर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद
धुबड़ी (असम), 25 अक्टूबर (हि.स.)। धुबड़ी शहर में रविवार सुबह एक आवासीय परिसर से पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग निवासी 17 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अनुज राय के रूप में हुई है। वह धुबड़ी में दार्जिलिंग के कुछ लोगों द्वारा संचालित एक मोमो की दुकान में काम करता था। उसका शव शहर के जीटीबी रोड स्थित पंचमोर इलाके के श्रीमंत कॉम्प्लेक्स परिसर से बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दार्जिलिंग के करीब नौ लोग इस कॉम्प्लेक्स में किराये के मकान में एक साथ रह रहे थे। मृतक के एक कमरे के साथी ने मीडिया को बताया कि अनुज ने पिछली रात कमरे से बाहर निकलने से पहले उसे बाहर से बंद कर दिया था।
हालांकि, अनुज की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर जांच शुरू की। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मामले में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

