मंत्री दैमारी ने आईटीआई गुवाहाटी में कौशल विकास पहलों और आधारभूत ढांचे की समीक्षा की
गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। असम के कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग के मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने मंगलवार को गुवाहाटी के गोपीनाथ नगर, बीरूबाड़ी स्थित आईटीआई परिसर में असम कौशल विश्वविद्यालय के सिटी कैंपस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न पहलों और आधारभूत ढांचे की समीक्षा की।
दौरे के दौरान मंत्री ने जापानी भाषा शिक्षक विकास कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के साथ बातचीत की। आठ महीने का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम असम कौशल विश्वविद्यालय द्वारा जापान फाउंडेशन और इंडो-जापान बिजनेस काउंसिल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत के शैक्षणिक संस्थानों में जापानी भाषा और संस्कृति के अध्ययन को बढ़ावा देना है।
मंत्री ने विद्यार्थियों से उनके प्रशिक्षण अनुभव, पाठ्यक्रम की रूपरेखा और जापानी भाषा में दक्षता हासिल करने के बाद उपलब्ध होने वाले रोजगार एवं करियर के अवसरों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं को लेकर विद्यार्थियों से चर्चा की।
इसके बाद दैमारी ने आईटीआई गुवाहाटी परिसर में निर्माणाधीन नॉर्थ ईस्ट स्किल सेंटर भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुवाहाटी का भी दौरा किया और संस्थान की समग्र कार्यप्रणाली, संचालित विभिन्न ट्रेड एवं पाठ्यक्रमों तथा उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए राज्य के युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर रोजगार एवं शिल्पकार प्रशिक्षण निदेशालय (डीईसीटी), असम के निदेशक टंकेश्वर दास, असम कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक हनीफ नूरानी, आईटीआई गुवाहाटी की प्राचार्य ऐभी लता बोड़ो सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

