मंत्री दैमारी ने कौशल, रोजगार और उद्यमिता पहलों की समीक्षा की
गुवाहाटी, 21 अगस्त (हि.स.)। असम के कौशल, रोजगार और उद्यमिता मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने शुक्रवार को जनता भवन में विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्य में चल रही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में राज्यभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के वरिष्ठ प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्य एवं अधीक्षक तथा रोजगार कार्यालयों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में रोजगार एवं शिल्पकार प्रशिक्षण निदेशालय, असम कौशल विकास मिशन, असम कौशल विश्वविद्यालय और रोजगार शाखा के कामकाज पर विस्तृत प्रस्तुतियां दी गईं।
इस दौरान पिछले तीन वर्षों में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले की स्थिति, विधानसभा क्षेत्रों में संस्थानों की उपलब्धता, रोजगार कार्यालयों को जिला युवा कल्याण केंद्रों के रूप में मजबूत करने, मुख्यमंत्री जीवन प्रेरणा योजना तथा करियर और व्यावसायिक मार्गदर्शन जैसी पहलों पर चर्चा हुई।
मंत्री ने पूर्वोत्तर कौशल केंद्रों, मुख्यमंत्री फ्लाइट योजना और विभाग की अन्य प्रमुख पहलों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिला स्तर के अधिकारियों से अधिक सक्रिय और परिणामोन्मुखी तरीके से कार्य करने का आह्वान किया।
दैमारी ने कहा कि युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए कौशल विकास को रोजगार बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और रोजगार कार्यालयों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

