home page

मिशन स्नेहजोरी के तहत मुगा खाद्य पौधरोपण का उद्घाटन, मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने किया शुभारंभ

 | 
मिशन स्नेहजोरी के तहत मुगा खाद्य पौधरोपण का उद्घाटन, मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने किया शुभारंभ


कामरूप (असम), 11 सितंबर (हि.स.)। असम के हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम उत्पादन मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने शुक्रवार को कामरूप जिले के बोको स्थित तुरुकपारा मुगा नर्सरी फार्म में मिशन स्नेहजोरी के तहत मुगा खाद्य पौधरोपण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बोको-छयगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजू मेस, हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम उत्पादन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

पौधरोपण अभियान का मुख्य उद्देश्य मुगा रेशम के कीड़ों के प्रमुख खाद्य पौधे सोम की उपलब्धता बढ़ाना और फार्म की मुगा रेशम उत्पादन क्षमता को मजबूत करना है। अभियान के तहत फार्म परिसर में 63 नए सोम पौधे लगाए गए।

वर्ष 1979 में स्थापित तुरुकपारा मुगा नर्सरी फार्म चार हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है और वर्तमान में यहां लगभग 950 सोम पौधे हैं। नए पौधरोपण से फार्म के संसाधनों को और मजबूती मिलने तथा स्थानीय मुगा रेशम उत्पादन से जुड़े किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस पहल से फार्म से जुड़े कम से कम 10 मुगा किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। मंत्री दैमरी ने मुगा रेशम उत्पादन के जमीनी स्तर के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और किसानों की आजीविका के लिए टिकाऊ उपाय अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने सोम पौधरोपण का विस्तार कर मुगा रेशम के कीड़ों के लिए पर्याप्त खाद्य संसाधन सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों से बातचीत भी की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश