home page

एआई से अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
एआई से अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने वाला आरोपित गिरफ्तार


गुवाहाटी, 21 अप्रैल (हि.स.)। क्राइम ब्रांच के साइबर सेल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग कर अश्लील वीडियो तैयार कर उसे वायरल करने के आरोप में एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान माधव बर्मन के रूप में हुई है, जो गुवाहाटी के बिरुबारी इलाके का निवासी है। उसे प्राग न्यूज चैनल के स्वत्वाधिकारी संजीव नारायण द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पकड़ा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित ने एआई टूल्स का इस्तेमाल कर संजीव नारायण और मर्मिता मित्रा का आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया था। बाद में इस वीडियो को एक फेसबुक पेज पर अपलोड कर वायरल किया गया, जिससे व्यापक चिंता उत्पन्न हुई।

घटना के बाद संजीव नारायण ने क्राइम ब्रांच का रुख किया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई और आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

आरोपित माधव बर्मन को पानबाजार स्थित क्राइम ब्रांच थाने में लाया गया और मामले की आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश