home page

कामाख्या धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, चौथे दिन शाम तक लाखों श्रद्धालुओं ने की आराधना; कल खुलेगा मां के कपाट

 | 
कामाख्या धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, चौथे दिन शाम तक लाखों श्रद्धालुओं ने की आराधना; कल खुलेगा मां के कपाट


गुवाहाटी, 25 जून (हि.स.)। नीलाचल पर्वत पर स्थित विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ कामाख्या धाम में आयोजित अंबुबासी महायोग के चौथे दिन गुरुवार शाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद देश के विभिन्न राज्यों से आए लाखों श्रद्धालु मां कामाख्या की आराधना के लिए मंदिर की परिक्रमा की प्रतीक्षा में कतारों में खड़े नजर आए। पूरे नीलाचल क्षेत्र में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है।

मंदिर परिसर, पहुंच मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई श्रद्धालु पिछले कई दिनों से मां के दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं। अंबुबासी महायोग के दौरान मंदिर के कपाट परंपरा के अनुसार बंद रखे गए हैं और अब शुक्रवार को विशेष पूजा-अर्चना के बाद कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

श्रद्धालुओं में मां के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। असम के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त कामाख्या धाम पहुंचे हैं। साधु-संतों और तांत्र साधकों की उपस्थिति ने मेले के आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक विशेष बना दिया है।

भीड़ को नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न स्वयंसेवी संगठन और सरकारी विभाग भी पेयजल, स्वास्थ्य सेवा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।

शुक्रवार को मां कामाख्या मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को विश्वास है कि मां कामाख्या के दर्शन से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होंगी और उन्हें आध्यात्मिक शांति प्राप्त होगी। अंबुबासी महायोग के समापन को लेकर पूरे नीलाचल पर्वत पर भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर