नगांव में हमीद अली के कबाड़खाना व घर से करोड़ों रुपये का चोरी का सामान बरामद
नगांव (असम), 10 मई, (हि.स.)। नगांव में पुलिस द्वारा चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान हमीद अली और उसके पुत्र अजहार उद्दीन अली के कबाड़खाना तथा आवास से करोड़ों रुपये मूल्य के कथित चोरी के सामान बरामद किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। गुप्त सूचना के आधार पर बीती शाम को की गई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में कीमती सामान जब्त किया गया।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि मामले में संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद परिवार के सदस्य पुलिस के साथ तीखी बहस में उलझ गए, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, बाद में पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया।
बरामद सामान का स्रोत क्या है और इस चोरी के नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं, इसको लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

