काजीरंगा में हयात होटल और चाय जनजाति सांस्कृतिक कलाक्षेत्र को लेकर साजिश : मंत्री अतुल बोरा
गुवाहाटी, 13 जुलाई (हि.स.)। असम सरकार के मंत्री एवं स्थानीय विधायक अतुल बोरा ने सोमवार को आरोप लगाया कि काजीरंगा में प्रस्तावित पांच सितारा हयात होटल और चाय जनजाति सांस्कृतिक कलाक्षेत्र के निर्माण को लेकर कुछ लोग सुनियोजित तरीके से सरकार को बदनाम करने और मुश्किल में डालने की साजिश रच रहे हैं।
प्रणव दलै की गिरफ्तारी के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बोरा ने कहा कि इंगले पथार में प्रस्तावित चाय जनजाति सांस्कृतिक कला क्षेत्र के निर्माण का चाय जनजाति के लोगों ने स्वागत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक उद्देश्य से इस मुद्दे को विवादित बनाने का प्रयास कर रहे हैं। मंत्री बोरा सोमवार को असम विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए पहुंचने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मंत्री ने बताया कि परियोजना क्षेत्र में रहने वाले 22 परिवारों को मुआवजे के रूप में पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि सभी परिवारों को पहले चरण में तीन-तीन लाख रुपये की राशि इसी बीच प्रदान की जा चुकी है।
बोरा ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा करते हुए परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

