नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस अब तक तय नहीं कर सकी उम्मीदवार
गुवाहाटी, 13 सितंबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस अब तक अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं कर सकी है। असम कांग्रेस के प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने रविवार को कहा कि आज सभी कार्यालय बंद होने के कारण उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं हो सकी।
बघेल ने बताया कि उम्मीदवार के चयन को लेकर लगातार दो दिनों तक पार्टी के भीतर बैठकें हुईं। लेकिन, किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने कहा कि बैठकों में हुई चर्चा और पार्टी की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट एआईसीसी को सौंपी जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार के नाम पर अंतिम निर्णय एआईसीसी ही लेगी।
नगांव उपचुनाव में उम्मीदवार चयन को लेकर कांग्रेस के भीतर खींचतान की स्थिति बनी हुई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में असंतोष की चर्चा के बीच निवर्तमान विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया ने आरोप लगाया है कि वरिष्ठ नेताओं को निर्णय प्रक्रिया में दरकिनार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि नगांव लोकसभा सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै के पार्टी से अलग होने के बाद रिक्त हुई है। सीट पर उपचुनाव 6 अक्टूबर को होगा और मतगणना 9 अक्टूबर को की जाएगी।
इसी बीच सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार पूर्व आईएएस अधिकारी देवाशीष शर्मा को बनाया है। वहीं, एआईयूडीएफ तथा तृणमूल कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

