home page

भूपेन हजारिका की 15वीं पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

 | 
भूपेन हजारिका की 15वीं पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि


गुवाहाटी, 05 नवंबर (हि.स.)। भारत रत्न एवं प्रख्यात संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की ओर से गुवाहाटी स्थित प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उनके चित्र के समक्ष पारंपरिक मिट्टी के दीप जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में असम विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता देबब्रत सैकिया, पूर्व मंत्री नीलमणि सेन डेका, पूर्व सांसद बोलिन कुली, असम प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बरठाकुर गोस्वामी, एपीसीसी के महासचिव (प्रशासन) बिपुल गोगोई, महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुवा, पूर्व विधायक सत्यब्रत कलिता और जयंत खाऊंड सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने डॉ. हजारिका के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा पार्टी के विभिन्न अग्रिम संगठनों और विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इससे पहले देबब्रत सैकिया और मीरा बरठाकुर गोस्वामी के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जालुकबाड़ी स्थित डॉ. भूपेन हजारिका के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश