कांग्रेस की रणनीति से विपक्ष बर्बाद : अखिल गोगोई
गुवाहाटी, 06 मई (हि.स.)। राइजर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने विधानसभा चुनाव परिणाम आने के 48 घंटे के भीतर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की रणनीति के कारण राज्य में विपक्ष कमजोर हुआ है और जनता के बीच उसकी पकड़ घट गई है।
मीडिया से बातचीत के दौरान गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा सीधे जनता के बीच जाकर संवाद करते हैं, जबकि विपक्षी नेता जमीनी स्तर पर सक्रिय नहीं हैं। उन्होंने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका “अभिजात्य शैली” का राजनीतिक व्यवहार उन्हें आम लोगों से दूर कर रहा है।
गोगोई ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान संबंधों के कारण गौरव गोगोई मानसिक रूप से प्रभावित हुए हैं, जिससे उनकी राजनीतिक प्रभावशीलता कम हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव में ‘तीन गोगोई’ केवल नाम के ही साबित हुए और वास्तविक असर नहीं छोड़ सके।
राइजर दल अध्यक्ष ने कहा कि यदि गौरव गोगोई इसी “साहबी शैली” में राजनीति करते रहे, तो वे कभी भी भाजपा को चुनौती नहीं दे पाएंगे। चुनाव परिणाम के तुरंत बाद आए इस बयान से असम में विपक्षी खेमे के भीतर बढ़ते मतभेद साफ तौर पर नजर आ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

