टियोक में 7,598 बीघा कृषि भूमि की रक्षा के लिए जारी सत्याग्रह को कांग्रेस का समर्थन
जोरहाट (असम), 25 नवंबर (हि.स.)। असम विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, कांग्रेस नेत्री पल्लवी सैकिया गोगोई सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं ने बुधवार को टियोक में जारी जन सत्याग्रह स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया। यह सत्याग्रह 7,598 बीघा कृषि भूमि, चरागाह और जलाशयों की सुरक्षा की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।
ब्रह्मपुत्र की बाढ़ को नियंत्रित करने के नाम पर क्षेत्र की विशाल कृषि भूमि, चरागाहों और जलाशयों की खुदाई किए जाने की आशंका के विरोध में बाढ़ निकासी नाला खुदाई मांग समिति, टियोक के नेतृत्व में यह आंदोलन जारी है।
सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय किसानों की मांगों और चिंताओं के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उनके आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण के नाम पर हजारों बीघा कृषि भूमि और प्राकृतिक जलाशयों को नष्ट करने से किसानों, पशुपालकों और मछुआरा समुदाय की आजीविका पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
समिति ने स्पष्ट किया कि वह बाढ़ नियंत्रण उपायों के खिलाफ नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक, पर्यावरण अनुकूल और किसानों के हितों की रक्षा करने वाली स्थायी बाढ़ प्रबंधन व्यवस्था की पक्षधर है। समिति के अनुसार, उचित कारण, पारदर्शिता और स्थानीय लोगों की राय के बिना 7,598 बीघा भूमि पर बड़े पैमाने पर खुदाई करना स्वीकार्य नहीं है।
समिति ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक नेताओं के समर्थन से लोकतांत्रिक आंदोलन को मजबूती मिली है। उसने सभी पक्षों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किसानों की आजीविका, भूमि अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

