home page

लाहोरीघाट में कांग्रेस की विशाल कार्यकर्ता सभा, भाजपा पर डराने-धमकाने और प्रलोभन की राजनीति का आरोप

 | 
लाहोरीघाट में कांग्रेस की विशाल कार्यकर्ता सभा, भाजपा पर डराने-धमकाने और प्रलोभन की राजनीति का आरोप


गुवाहाटी, 22 सितंबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को मोरीगांव जिले के लाहोरीघाट में लाहोरीघाट ब्लॉक कांग्रेस के तत्वावधान में काठनी माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में विशाल कार्यकर्ता सभा आयोजित की गई। सभा में कांग्रेस के असम प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई, विधानसभा में विपक्ष के नेता वाजेद अली चौधरी, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान, पृथ्वीराज साठे, विधायक रकीबुद्दीन अहमद, स्थानीय विधायक डॉ. आसिफ नजर और पार्टी उम्मीदवार शिवामणि बोरा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और बाढ़ प्रबंधन को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, चीनी और खाद्य तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच बेरोजगार युवाओं को परीक्षा में पेपर लीक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बघेल ने आरोप लगाया कि असम में बाढ़ के दौरान डबल इंजन सरकार लोगों को अपेक्षित राहत देने में विफल रही।

सामागुड़ी में कांग्रेस के काफिले पर कथित हमले का जिक्र करते हुए बघेल ने इसे भाजपा की घबराहट बताया और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लाहोरीघाट में शिवामणि बोरा को कम से कम डेढ़ लाख वोटों के अंतर से जिताने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने लाहोरीघाट के साथ अपने पारिवारिक और राजनीतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. नजरूल इस्लाम और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को याद किया। उन्होंने भाजपा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों को कथित तौर पर डराने-धमकाने तथा प्रलोभन देने का आरोप लगाया।

गोगोई ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और एआईयूडीएफ नेता बदरुद्दीन अजमल के बीच कथित राजनीतिक समझ को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मुश्किल आने पर मुख्यमंत्री अजमल से संपर्क करते हैं। गोगोई ने एनआरसी के दौरान कांग्रेस की भूमिका और डी-वोटर से जुड़े मामलों में कानूनी सहायता का भी उल्लेख किया।

सभा के अंत में कांग्रेस उम्मीदवार शिवामणि बोरा ने कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन दिए जा सकते हैं। लाहोरीघाट में मंत्रियों के डेरा डालने का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जो मंत्री अब चुनाव के समय क्षेत्र में पहुंच रहे हैं, वे इससे पहले जनता की समस्याओं के समय कहां थे। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रलोभन या दुष्प्रचार से प्रभावित हुए बिना कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश