home page

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग में कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग में कांग्रेस का प्रदर्शन


गुवाहाटी, 25 सितंबर (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने शुक्रवार को गुवाहाटी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजीव भवन में आयोजित इस प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई समेत प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

कांग्रेस ने देश के विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर सरकार तथा निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान राजीव भवन के बाहर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हुई। पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। उन्हें काहिलीपाड़ा स्थित 10वीं असम पुलिस बटालियन के शिविर में ले जाने की जानकारी सामने आई है।

लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि लोकतंत्र की बुनियाद निष्पक्ष चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कार्यकाल में चुनावी प्रक्रिया को लेकर ‘वोट चोरी’ और हेरफेर के आरोप सामने आए हैं, जिससे देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तत्काल सरकारी एवं कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें पद से हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश