नगांव लोस उपचुनाव: कांग्रेस ने मांगें आवेदन के साथ एक लाख रुपये शुल्क
गुवाहाटी, 25 अगस्त (हि.स.)। नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने टिकट के दावेदारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
प्रत्याशियों को आवेदन पत्र के साथ एक लाख रुपये जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 अगस्त निर्धारित की गई है। उल्लेखनीय है कि बीते विधानसभा चुनाव के मौके पर भी प्रदेश कांग्रेस ने टिकट की मांग करने वाले प्रत्येक प्रत्याशी से 50 हजार रुपये बतौर शुल्क वसूले थे। टिकट नहीं दिए जाने की स्थिति में इसे लौटाया नहीं गया।
पार्टी आवेदन प्राप्त होने के बाद दावेदारों के नामों पर विचार करेगी और उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार का चयन करेगी।
ज्ञात हो कि नगांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर निर्वाचित सांसद प्रद्युत बरदलै ने बीते विधानसभा चुनाव के मौके पर इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। भाजपा की टिकट पर वह दिसपुर सीट से विधायक चुने गए।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

