असम में 15 जून से 5 जुलाई तक चलेगा भाजपा का प्रशिक्षण शिविर
-कांग्रेस शासन में स्वदेशी सब्जी विक्रेताओं को बाजारों से किया गया बेदखल : भाजपा
गुवाहाटी, 15 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश ने 15 जून से 5 जुलाई तक राज्यभर के 353 मंडलों में व्यापक प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रंजीब कुमार शर्मा ने सोमवार को अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस अभियान में तीन लाख से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे और उन्हें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, सुशासन, सोशल मीडिया के उपयोग तथा जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नियमित प्रशिक्षण परंपरा कार्यकर्ताओं को राजनीतिक और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए सक्षम बनाती है। प्रशिक्षण शिविरों में असम के ग्रामीण सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य और जमीनी मुद्दों पर भी चर्चा होगी। शर्मा ने बताया कि मंडल स्तर के बाद संगठन के 39 जिलों, आठ मोर्चों तथा बूथ स्तर तक भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा 16 अगस्त से गुवाहाटी के फुटपाथ विक्रेताओं के सर्वेक्षण की घोषणा का स्वागत करते हुए शर्मा ने कहा कि इससे शहर में फुटपाथ व्यापार से जुड़े लोगों की पहचान और रिकॉर्ड तैयार करने में मदद मिलेगी तथा प्रशासन को नियमानुसार निगरानी और सत्यापन की अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी।
शर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गुवाहाटी के बेलतला, गणेशगुड़ी, हेंगराबाड़ी, कालापहाड़, सिलपुखुरी, बामुनीमैदाम, नारंगी, फॉरेस्ट गेट, पाथरकुवारी, बिरुबाड़ी, कहिलीपाड़ा, जापोरीगोग, जालुकबाड़ी, आदाबाड़ी, मालीगांव और गोटानगर जैसे क्षेत्रों के पारंपरिक बाजारों से स्वदेशी समुदायों के सब्जी विक्रेताओं को धीरे-धीरे बाहर कर दिया गया। उनका दावा था कि इन बाजारों में पहले शहर के बाहरी क्षेत्रों के स्थानीय किसान अपनी उपज सीधे बेचते थे, लेकिन बाद में यह व्यवस्था बदल गई।
उन्होंने कहा कि इस बदलाव ने स्थानीय समुदायों की आजीविका को प्रभावित किया और शहर के सामाजिक-आर्थिक स्वरूप में भी परिवर्तन लाया। शर्मा ने यह भी कहा कि सब्जी बाजारों में उपलब्ध कृषि उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक नियामक व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री के फुटपाथ विक्रेता सर्वेक्षण के निर्णय का पूर्ण समर्थन करती है और उन्हें विश्वास है कि यह पहल बेहतर शहरी प्रबंधन, पारदर्शिता तथा कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

