सिख नरसंहार स्मृति दिवस पर कांग्रेस की रैली को लेकर दिलीप सैकिया ने उठाए सवाल
गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने एक नवंबर को सिख नरसंहार स्मृति दिवस के अवसर पर दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस दिन रैली आयोजित करने से सिख समुदाय के कितने लोगों की भावनाएं आहत होंगी, लेकिन कांग्रेस को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। सैकिया भाजपा कार्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आज पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सैकिया ने कांग्रेस पर सिख समुदाय की भावनाओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को इस बात की चिंता नहीं है कि उसके इस फैसले से समुदाय के लोगों को कितनी ठेस पहुंच सकती है।
एक अन्य सवाल के जवाब में असम भाजपा अध्यक्ष ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन दिए गए बयान से सहमति जताई। उन्होंने कहा कि जो भी भारत राष्ट्र से प्रेम करेगा, वह इसी तरह की बात कहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता प्रधानमंत्री द्वारा किए जा रहे हैं कार्यों को पसंद करते हैं लेकिन सार्वजनिक रूप से बोलने में उन्हें दिक्कतें होती है।
उल्लेखनीय है कि दिलीप सैकिया आज प्रदेश भाजपा मुख्यालय में असम भाजपा महिला मोर्चा की नव नियुक्त अध्यक्ष पूरबी रॉय के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने पूरबी रॉय को नये कार्य का दायित्व संभालने पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए पार्टी को संगठनात्मक रूप से और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

