home page

कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने असम के प्रभारी को लिखा पत्र, गोगोई और मसूद पर लगाया अपमान करने का आरोप

 | 
कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने असम के प्रभारी को लिखा पत्र, गोगोई और मसूद पर लगाया अपमान करने का आरोप


कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने असम के प्रभारी को लिखा पत्र, गोगोई और मसूद पर लगाया अपमान करने का आरोप


कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने असम के प्रभारी को लिखा पत्र, गोगोई और मसूद पर लगाया अपमान करने का आरोप


गुवाहाटी, 16 मार्च (हि.स.)। असम में विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज गयी है, ऐसे में कांग्रेस के अंदर घमसान मचता नजर आ रहा है। टिकट से वंचित उम्मीदवार जहां पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता एवं नगांव संसदीय सीट से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई की नाराजगी खुलकर सामने आ गयी है।

सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने 15 मार्च को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को एक अल्टीमेटम जारी किया। उन्होंने आगामी असम विधानसभा चुनावों में लाहोरीघाट विधानसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर पार्टी से इस्तीफा देने की धमकी दी। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए एक कड़े शब्दों वाले संदेश में, बोरदोलोई ने इस फैसले पर गहरी पीड़ा व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने सीधे तौर पर असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख गौरव गोगोई और वरिष्ठ कांग्रेस नेता इमरान मसूद पर आरोप लगाया कि उम्मीदवार के मुद्दे पर आंतरिक चर्चाओं के दौरान उन्होंने मुझे (बोरदोलोई) अपमानित किया।

असम कांग्रेस के प्रभारी एआईसीसी महासचिव जितेंद्र सिंह को संबोधित एक कड़े शब्दों वाले पत्र में, बोरदोलोई ने दर्द और पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने इसे पार्टी नेतृत्व की विफलता बताते हुए कहा कि वे मौजूदा विधायक आसिफ मोहम्मद नज़र की उम्मीदवारी के संबंध में उनके द्वारा बार-बार उठाए गए मुद्दों पर ध्यान देने में असफल रहे।

ज्ञात हो कि बोरदलोई कांग्रेस के कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। बावजूद आज उन्हें पार्टी के अंदर अलग-थलग होते नजर आ रहे हैं। पत्र में उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर हाल के घटनाक्रमों ने उन्हें बहुत आहत किया है।

नगांव के सांसद ने आरोप लगाया कि उनकी चिंताएं अप्रैल 2025 में उन पर हुए एक हिंसक हमले से जुड़ी हैं। बोरदोलोई के अनुसार, नगांव पुलिस ने इमदादुल इस्लाम को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ चार्जशीट दायर की। बोरदोलोई ने इमदादुल को लाहोरीघाट का एक हिस्ट्री-शीटर (अपराधिक इतिहास वाला व्यक्ति) और विधायक आसिफ नज़र का करीबी सहयोगी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इमदादुल ही उन पर हुए जानलेवा हमले का कथित मुख्य साजिशकर्ता था।

पत्र में इस मुद्दे को लेकर समय-समय पर उन्होंने कांग्रेस हाई कमान तक को अवगत कराया, लेकिन इस पर कोई कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बोरदोलोई कांग्रेस पार्टी को छोड़ सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने पहले ही कहा था कि कांग्रेस पार्टी के अंदर वरिष्ठ नेताओं के विरूद्ध जिस तरह से राजनीति हो रही है, उससे आहत होकर ऐसे नेता कांग्रेस छोड़ने के लिए बाध्य होंगे। इस कड़ी में उन्होंने बोरदोलोई समेत अन्य नेताओं का नाम उजागर किया था। ताजा घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री की भविष्यवाणी सही साबित होती नजर आ रही है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय