काजीरंगा के संवेदनशील क्षेत्र में कटौती के विरोध में हाजो में कांग्रेस की पदयात्रा
कामरूप (असम), 29 अगस्त (हि.स.)। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र को कम किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्यव्यापी पदयात्रा के तहत शनिवार को हाजो-शुवालकुची ब्लॉक कांग्रेस ने भी विरोध मार्च निकाला।
पदयात्रा हाजो के सातदला चौक से शुरू होकर हाजो राजस्व चक्र कार्यालय परिसर तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘काजीरंगा बचाओ’, ‘पर्यावरण बचाओ’ और ‘विकास चाहिए, लेकिन प्रकृति को नष्ट करके नहीं’ जैसे नारे लगाते हुए प्रस्ताव के खिलाफ विरोध जताया।
पदयात्रा में शामिल कांग्रेस नेता भवेश दास ने कहा कि पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र को 10 किलोमीटर से घटाकर एक किलोमीटर करने का प्रस्ताव काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की जैव विविधता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार का यह जल्दबाजी में लिया गया फैसला वन्यजीवों और जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा पैदा करेगा तथा इससे पूरे पारिस्थितिकी तंत्र के सामने संकट खड़ा हो सकता है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

