home page

महिला आरक्षण विधेयक के विरोध पर कांग्रेस-नीत इंडी गठबंधन पर एनडीए का हमला

 | 
महिला आरक्षण विधेयक के विरोध पर कांग्रेस-नीत इंडी गठबंधन पर एनडीए का हमला


गुवाहाटी, 19 अप्रैल (हि.स.)। संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के विरोध को लेकर एनडीए नेतृत्व ने कांग्रेस-नीत इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। एनडीए नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध किया जा रहा है।

रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने कहा कि इंडी गठबंधन महिला सशक्तिकरण नहीं चाहता और इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में महिला शक्ति के उत्थान को रोकना चाहता है।

सैकिया ने यह भी कहा कि संसद के भीतर महिलाओं के प्रति न्यूनतम् सम्मान और गरिमा भी कांग्रेस-नीत गठबंधन द्वारा नहीं दिखाई गई। उन्होंने कहा कि इस विधेयक का विरोध कर विपक्ष ने देश की माताओं और महिलाओं के प्रति असम्मान का परिचय दिया है।

एनडीए नेतृत्व ने दोहराया कि महिला आरक्षण विधेयक महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और विपक्ष पर संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ के चलते प्रगतिशील सुधारों में बाधा डालने का आरोप लगाया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश