कांग्रेस में अब केवल गौरव गोगोई और रकीबुल हुसैन का ही चलता है राज : देबव्रत सैकिया
गुवाहाटी, 12 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और असम विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष देबव्रत सैकिया ने पार्टी के भीतर निर्णय लेने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में अब केवल गौरव गोगोई और रकीबुल हुसैन का ही प्रभाव है तथा महत्वपूर्ण पार्टी मामलों में वरिष्ठ और कनिष्ठ नेताओं से चर्चा तक नहीं की जाती।
पत्रकारों से बातचीत में सैकिया ने कहा कि नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार तय करने के संबंध में गौरव गोगोई ने उनसे कोई बातचीत नहीं की। उन्होंने स्पष्ट कहा, “गौरव गोगोई ने उपचुनाव में उम्मीदवार देने के संबंध में मुझसे कोई बात नहीं की है।”
सैकिया ने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय कभी कांग्रेस का वोट बैंक नहीं रहा। उनके इस बयान को हालिया विधानसभा चुनाव के संदर्भ में देखा जा रहा है, जिसमें कांग्रेस ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी और इनमें से 18 विधायक अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े क्षेत्रों से निर्वाचित हुए थे।
इस बीच नगांव उपचुनाव से पहले नगांव-बटद्रवा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रति अल्पसंख्यक मतदाताओं की नाराजगी की बातें भी सामने आ रही हैं। कुछ मतदाताओं ने कहा कि उन्होंने करीब 60 वर्षों तक कांग्रेस का समर्थन किया, लेकिन पार्टी ने अल्पसंख्यक समुदाय के लिए अपेक्षित काम नहीं किया। उनका आरोप है कि कांग्रेस ने उन्हें बार-बार निराश किया और इस बार वे पिछली राजनीतिक गलती दोहराने के लिए तैयार नहीं हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

