कांग्रेस के गौरव से देवब्रत तक सभी नेता हारेंगे, जनता ने डॉ. हिमंत को दिया आशीर्वाद: पबित्र मार्घेरिटा
गुवाहाटी, 2 मई (हि.स.)। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने एग्जिट पोल के आंकड़ों को खारिज करने वाले विपक्ष पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता चुनाव में हार का सामना करेंगे।
उन्होंने कहा, “गौरव गोगोई से लेकर देवब्रत सैकिया तक कांग्रेस के सभी नेता हारेंगे।” मार्घेरिटा ने आरोप लगाया कि विपक्ष वास्तविक जनमत को स्वीकार करने से बच रहा है और एग्जिट पोल को नकारकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि राज्य की जनता ने पूरे दिल से विकास की राजनीति का समर्थन किया है और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम भी इसी जनसमर्थन को दर्शाएंगे।
मार्घेरिटा ने विपक्षी दलों द्वारा एग्जिट पोल पर उठाए जा रहे सवालों को निराधार बताते हुए कहा कि जनता का भरोसा भाजपा के पक्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

