यूएसटीएम का बचाव करने पर कांग्रेस नेताओं पर भाजपा का हमला
गुवाहाटी, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जोराबाट तथा गुवाहाटी के कई इलाकों में आई कृत्रिम बाढ़ को लेकर कांग्रेस विधायक दल के नेता वाजेद अली चौधरी और उपनेता जयप्रकाश दास पर निशाना साधा है।
भाजपा का आरोप है कि यूनिवर्सिटी ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी मेघालय (यूएसटीएम) के निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर पहाड़ काटे जाने के कारण जोराबाट समेत महानगर के विस्तृत क्षेत्रों में कृत्रिम बाढ़ की समस्या उत्पन्न हुई है। पार्टी का दावा है कि रविवार से अब तक सैकड़ों वाहन जलभराव के कारण फंसे हुए हैं।
भाजपा ने आरोप लगाया कि यूएसटीएम की आलोचना करने के बजाय वाजेद अली चौधरी और जयप्रकाश दास संस्थान का बचाव कर रहे हैं। पार्टी के अनुसार, दोनों कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि जोराबाट में आई भीषण बाढ़ के लिए यूएसटीएम को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तथा कांग्रेस विधायक वाजिद अली चौधरी तथा उपनेता जेपी दास द्वारा जोराबाट में कृत्रिम बाढ़ की समस्या के लिए सरकार को दोषी ठहराया गया। दोनों ही नेताओं ने सोमवार को असम विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने जाते हुए पत्रकारों से बातचीत में सरकार पर इसको लेकर आरोप लगाए।
इस मुद्दे को लेकर राज्य में बाढ़ के कारणों और जिम्मेदारी तय करने को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

