सामागुरी में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर कथित हमला, कई वाहन क्षतिग्रस्त
नगांव (असम), 21 सितंबर (हि.स.)। असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, विधानसभा में विपक्ष के नेता वाजेद अली चौधरी, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान, नगांव लोकसभा उपचुनाव की कांग्रेस प्रत्याशी शिवामोनी बोरा, सांसद रकीबुल हुसैन सहित कांग्रेस नेताओं के काफिले पर सोमवार को सामागुरी के बरमा इलाके में कथित रूप से हमला किया गया।
कांग्रेस के अनुसार, नेता सामागुरी के लोरीमुख में आयोजित पार्टी कार्यकर्ता सभा में शामिल होने जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने काफिले में शामिल वाहनों पर कथित तौर पर पत्थर, ईंट और अन्य वस्तुओं से हमला किया।
कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, विपक्ष के नेता वाजेद अली चौधरी, विधायक तंजील हुसैन और प्रत्याशी शिवामोनी बोरा की गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
कांग्रेस ने कहा कि घटना में हुए कुल नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है। पार्टी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए निर्वाचन आयोग और प्रशासन से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
यह घटना 6 अक्टूबर को होने वाले नगांव लोकसभा उपचुनाव से पहले सामने आई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

