असम में मुख्यमंत्री पर संपत्ति वृद्धि को लेकर कांग्रेस का हमला, कई सवाल उठाए
गुवाहाटी, 30 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में केवल एक ही परिवार की संपत्ति में भारी वृद्धि हुई है। गुवाहाटी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर 600–700 प्रतिशत तक संपत्ति वृद्धि कैसे संभव हुई और इसकी जानकारी जनता को दी जानी चाहिए।
श्रीनेत ने दावा किया कि चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामों के अनुसार मुख्यमंत्री के परिवार, विशेषकर उनकी पत्नी की संपत्ति में असामान्य वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि जहां मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत संपत्ति में सीमित वृद्धि हुई, वहीं परिवार की कुल संपत्ति में कई गुना बढ़ोतरी देखी गई, जो पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रियल एस्टेट, परिवहन, मीडिया, खनन और हॉस्पिटैलिटी जैसे कई क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के परिवार का वर्चस्व है। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि यदि इतनी तेज़ी से संपत्ति बढ़ी है, तो क्या राज्य की अर्थव्यवस्था में भी उसी स्तर की वृद्धि हुई है और आम जनता को इसका लाभ क्यों नहीं मिला।
बेरोजगारी और आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए श्रीनेत ने कहा कि असम के युवा रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं, जबकि राज्य पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की वित्तीय स्थिति आम लोगों के लिए चिंताजनक बनी हुई है।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने सरकार की “ढीली नीति” की आलोचना करते हुए कहा कि इससे विवादास्पद स्थितियां पैदा हुई हैं। उन्होंने असम के प्रसिद्ध गायक जुबीन गर्ग से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस की राजनीतिक प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी केवल वादे नहीं करती, बल्कि अपने “पांच गारंटी” को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। इनमें महिलाओं को आर्थिक सहायता, छोटे व्यवसाइयों को समर्थन और बुजुर्गों के लिए बेहतर कल्याण योजनाएं शामिल हैं।
श्रीनेत ने भाजपा के उस आरोप को भी खारिज किया कि कांग्रेस किसी एक समुदाय की पार्टी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों और समुदायों की पार्टी है और जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी तथ्यों और सच्चाई के आधार पर प्रचार करती है।
इस संवाददाता सम्मेलन में महिमा सिंह, बेदब्रत बोरा और गोपाल शर्मा भी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

