home page

कांग्रेस नेता ने लगाया मुख्यमंत्री पर जमीन और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप

 | 
कांग्रेस नेता ने लगाया मुख्यमंत्री पर जमीन और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप


डिब्रूगढ़ (असम), 30 मार्च (हि.स.)। झारखंड की कृषि मंत्री एवं कांग्रेस नेता सिल्पी नेहा तिर्की ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर राजनीतिक सत्ता के दुरुपयोग और परिवार द्वारा अपार संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है।

निर्वाचन प्रचार के सिलसिले में डिब्रूगढ़ पहुंचीं तिर्की ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में असम में यदि किसी का विकास हुआ है, तो वह केवल मुख्यमंत्री के करीबी पारिवारिक दायरे का हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की हजारों बीघा जमीन आज मुख्यमंत्री के परिवार के नियंत्रण में है और एक सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति सत्ता में आने के बाद अकथनीय संपत्ति का मालिक बन गया है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने अपनी राजनीतिक शक्ति का उपयोग कर अपनी पत्नी को सरकारी लाभ दिलाया तथा जनजातीय क्षेत्रों की जमीन बड़े पूंजीपतियों को सौंप दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ऐसे कदमों से असम की जनता में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए तिर्की ने कहा कि पार्टी ने राज्य के चाय जनजाति समुदाय के साथ धोखा किया है। हाल ही में जमीन के पट्टे के नाम पर दिए गए दस्तावेजों को उन्होंने “बेकार” बताते हुए कहा कि उनकी कोई वास्तविक उपयोगिता नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रचार के दौरान इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और राज्य सरकार को जवाबदेह ठहराएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश