home page

बिश्वनाथ पहुंचे कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, भाजपा और ‘जय भारत पार्टी’ पर साधा निशाना

 | 
बिश्वनाथ पहुंचे कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह, भाजपा और ‘जय भारत पार्टी’ पर साधा निशाना


बिश्वनाथ (असम), 29 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितेंद्र सिंह शनिवार को बिश्वनाथ पहुंचे और भारतीय जनता पार्टी के साथ-साथ नवगठित जय भारत पार्टी पर तीखा हमला बोला।

मीडिया से बातचीत के दौरान सिंह ने कहा कि पूरे असम में लोग 9 अप्रैल का इंतजार कर रहे हैं और बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज और विभाजनकारी राजनीति से ग्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल सदिया से धुबड़ी तक देखने को मिल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि हर सरकार को पांच वर्षों के कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए, लेकिन मौजूदा सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है।

बिश्वनाथ विधानसभा क्षेत्र के संदर्भ में सिंह ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार जयंत बोरा को जनता अच्छी तरह जानती और पसंद करती है। उन्होंने उनके प्रतिद्वंद्वी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता उनकी कार्यशैली और व्यवहार से भली-भांति परिचित है।

सिंह ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी और एक “नए असम” के निर्माण में योगदान देगी।

जय भारत पार्टी के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा कि इस पार्टी का कोई वास्तविक अस्तित्व नहीं है, न ही यह पंजीकृत है और न ही इसका कोई चुनाव चिह्न है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पार्टी की आर्थिक व्यवस्था में भारतीय जनता पार्टी की संलिप्तता हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश