home page

शी जिनपिंग के भारत दौरे से पहले कांग्रेस ने अरुणाचल मुद्दे पर पीएम मोदी से किया सवाल

 | 
शी जिनपिंग के भारत दौरे से पहले कांग्रेस ने अरुणाचल मुद्दे पर पीएम मोदी से किया सवाल


गुवाहाटी, 12 सितंबर (हि.स.)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 में भाग लेने के लिए भारत पहुंचने के बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अरुणाचल प्रदेश और गलवान विवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों को चीनी राष्ट्रपति के समक्ष उठाने को लेकर सवाल किया है।

कांग्रेस के महासचिव और असम प्रभारी भूपेश बघेल ने शनिवार को गुवाहाटी में कहा कि चीन के शीर्ष नेतृत्व के भारत दौरे के दौरान क्या प्रधानमंत्री मोदी उन मुद्दों पर सीधे बात करेंगे, जो लंबे समय से दोनों देशों के संबंधों को प्रभावित करते रहे हैं।

बघेल ने कहा कि गलवान और अरुणाचल प्रदेश को लेकर बार-बार विवाद सामने आते रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री इन विषयों को शी जिनपिंग के साथ बातचीत में उठाएंगे और चीन को ‘लाल आंख’ दिखाएंगे।

कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी भारत-चीन सीमा विवाद तथा अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावों की पृष्ठभूमि में आई है। भारत ने चीन के इन दावों को लगातार खारिज किया है।

बघेल गुवाहाटी में कांग्रेस की आगामी नगांव लोकसभा उपचुनाव और असम में स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों के सिलसिले में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति, उपाध्यक्षों और राज्य चुनाव समिति सहित विभिन्न स्तरों पर बैठकें हो चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि नगांव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों और कांग्रेस विधायकों के साथ भी बैठक होगी। विचार-विमर्श के बाद संभावित उम्मीदवारों के नामों को अंतिम निर्णय के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश