कांग्रेस के पास न नेता, न नीति, न दिशा : भाजपा-अगप विधायकों का हमला
गुवाहाटी, 09 मई, (हि.स.)। असम में कांग्रेस की चुनाव में हार को लेकर भाजपा और असम गण परिषद (अगप) के कई विधायकों ने शनिवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने कांग्रेस की पराजय के लिए नेतृत्वहीनता, कमजोर संगठन और स्पष्ट रणनीति के अभाव को जिम्मेदार ठहराया। आज कई विधायकों ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर जमकर आरोप लगाए।
ढेकियाजुली के विधायक अशोक सिंघल ने कहा कि कांग्रेस के पास न नेता है, न नीति और न ही कोई दिशा-निर्देश। उन्होंने सवाल उठाया कि नीतिविहीन दल को असम की जनता क्यों अपनाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि असम के विकास का विरोध करने के कारण जनता ने कांग्रेस को स्थायी रूप से नकार दिया है।
थावरा के विधायक सुशांत बरगोहाईं ने कहा कि कांग्रेस बिना किसी ठोस रणनीति के चुनाव मैदान में उतरी, जिसके कारण उसे हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान स्थिति कमजोर संगठनात्मक अनुभव का परिणाम है।
माकुम के भाजपा विधायक संजय किसान ने कहा कि कांग्रेस अपने कर्मों का फल भुगत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा असम और असमिया लोगों की सुरक्षा एवं हितों के खिलाफ बोलती रही है।
बिलासीपारा के अगप विधायक जीबेश राय ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के अहंकार को पार्टी के पतन का कारण बताया। उन्होंने कहा कि खिलंजिया (स्थानीय) जनता ने दिल से कांग्रेस को विदाई दे दी है।
माजुली के विधायक भुबन गाम ने कहा कि कांग्रेस 60 वर्षों में कोई उल्लेखनीय काम नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों के कारण ही कांग्रेस पूरी तरह पराजित हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

