कांग्रेस अब कांग्रेस नहीं, मुस्लिम लीग बन गई : बदरुद्दीन अजमल
गुवाहाटी, 07 मई, (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने असम विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर एक बार फिर से कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आज कहा कि कांग्रेस अब कांग्रेस नहीं रही, बल्कि मुस्लिम लीग में बदल गई है। अजमल आज पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अजमल ने कहा कि कांग्रेस को दोबारा खड़ा होने में कम से कम 20 साल लगेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि असम में कांग्रेस का नेतृत्व “मियां मुस्लिम” कर रहे हैं और अब यह संदेश पूरी दुनिया तक जाएगा।
अजमल ने कहा कि कांग्रेस के 19 विधायकों में से 18 मियां मुस्लिम समुदाय से हैं। उन्होंने कांग्रेस की चुनावी रणनीति और गौरव गोगोई के नेतृत्व को पार्टी की स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया।
अजमल ने कहा कि दो वर्ष पहले से ही वे कांग्रेस नेताओं से कह रहे हैं कि चाहे खुलकर या अंदर ही अंदर एआईयूडीएफ के साथ एक समझौता कर लें, नहीं तो चुनाव में कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। लेकिन, कांग्रेस नेतृत्व में इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि आज ऊपरी असम से कांग्रेस का सफाया हो चुका है और पूरे विश्व में यह संदेश जाएगा कि कांग्रेस मियां मुसलमान का नेतृत्व करती है। उन्होंने कहा कि अब विधानसभा में कांग्रेस का प्रतिनिनिधित्व मियां मुसलमान ही करेंगे।
अजमल ने ये टिप्पणियां असम में चुनाव परिणामों के बाद उत्पन्न राजनीतिक परिस्थिति को लेकर कीं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

