नगांव उपचुनाव में टिकट को लेकर कांग्रेस में तेज हुआ अंतर्कलह
गुवाहाटी, 15 सितंबर (हि.स.)। नगांव लोकसभा उपचुनाव में शिवामणि बोरा को कांग्रेस का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। उम्मीदवार के चयन के विरोध में मोरीगांव जिला कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
मोरीगांव जिला कांग्रेस के एक महासचिव के नेतृत्व में कई नेता और कार्यकर्ता दल-बदल के लिए आगे आए। असंतुष्ट नेताओं का कहना है कि नगांव लोकसभा क्षेत्र में अल्पसंख्यक उम्मीदवार को मौका नहीं दिए जाने के कारण उन्होंने सामूहिक इस्तीफा देने का फैसला किया है।
शिवामणि बोरा को टिकट दिए जाने से कांग्रेस के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी की खबर है। असंतुष्ट कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उपचुनाव से पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के सामने संगठनात्मक चुनौती बढ़ा दी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

