जोनाई में कांग्रेस के चुनावी कार्यालय में तोड़फोड़
धेमाजी (असम), 28 मार्च (हि.स.)। असम के 80 नंबर जोनाई विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियों के तेज होने के बीच एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां अज्ञात शरारती तत्वों ने कांग्रेस के चुनावी कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी।
जानकारी के अनुसार, सिमेन-चिची टोंगानी ब्लॉक कांग्रेस का चुनावी कार्यालय, जो सिलापाथार के कुलाजन तिनियाली में स्थित है, का आज औपचारिक उद्घाटन होना था। लेकिन उससे पहले ही कुछ अज्ञात लोगों ने कार्यालय को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया।
शरारती तत्वों ने कार्यालय में लगे बाड़, तिरपाल, बैनर सहित कई सामग्रियों को नष्ट कर दिया, जिससे काफी नुकसान हुआ है।
घटना के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चुनाव अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भय और दबाव के जरिए जनता का समर्थन हासिल नहीं किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

