राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' अभियान, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
गुवाहाटी, 19 जुलाई (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में संवाददाता सम्मेलन कर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान का समर्थन किया और केंद्र व राज्य सरकार की शिक्षा नीतियों की कड़ी आलोचना की।
कांग्रेस विधायक अब्दुर रहीम ने पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाकर अस्पताल में रखने की भी निंदा की।
पूर्व विधायक सत्यव्रत कलिता ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और विधानसभा के मौजूदा सत्र में शिक्षा पर विशेष चर्चा के लिए एक दिन निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने सोनम वांगचुक की पेंटिंग बनाने वाले कलाकारों की गिरफ्तारी पर भी सरकार को घेरा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

