महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के वॉकआउट पर भाजपा का हमला
गुवाहाटी, 27 मई (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम विधानसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) पर चर्चा के दौरान कांग्रेस द्वारा किए गए वॉकआउट की कड़ी आलोचना की है।
भाजपा ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि जब देश महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम का साक्षी बन रहा था, तब कांग्रेस ने चर्चा में रचनात्मक भागीदारी करने के बजाय विरोध प्रदर्शन और वॉकआउट का रास्ता चुना। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह रवैया उसके “महिला विरोधी मानसिकता” को उजागर करता है।
भाजपा ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में महिला सशक्तिकरण के पक्ष में होती, तो वह विधानसभाओं और संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक सुधार पर चर्चा से दूर नहीं रहती। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा महिला सशक्तिकरण को केवल राजनीतिक नारे के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन महिलाओं की व्यापक राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए।
भाजपा ने कांग्रेस शासित राज्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां महिलाओं की सुरक्षा, कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संस्थागत सहयोग की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए भाजपा ने कहा कि केंद्र सरकार ने “महिला विकास” की सोच को “महिला नेतृत्व वाले विकास” में बदल दिया है। पार्टी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना और लखपति बाइदेउ जैसी योजनाओं को महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भाजपा ने महिला आरक्षण विधेयक के संदर्भ में परिसीमन प्रक्रिया का भी समर्थन किया और कहा कि परिसीमन कोई राजनीतिक साजिश नहीं, बल्कि संविधान के तहत आवश्यक प्रक्रिया है। पार्टी ने कहा कि देश की लगभग 50 प्रतिशत आबादी महिलाओं की है, इसलिए निर्णय लेने वाली संस्थाओं में उनकी उचित और समान भागीदारी सुनिश्चित करना लोकतंत्र की आवश्यकता है।
असम प्रदेश भाजपा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी राजनीतिक दलों से इस ऐतिहासिक सुधार का समर्थन करने और महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

