अरुणाचल महिला कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन; नस्लीय दुर्व्यवहार मामले में तत्काल गिरफ्तारी की मांग
इटानगर, 24 फरवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी ने इटानगर में आज जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पुतले जलाकर अरुणाचल प्रदेश की तीन लड़कियों के साथ हुए नस्लीय उत्पीड़न की निंदा की।
प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यह घटना अरुणाचल प्रदेश के लोगों की गरिमा का अपमान है।
महिला कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने पीड़ितों को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की भी मांग की।
यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली में तीन अरुणाचली लड़कियों के साथ हुए कथित नस्लीय दुर्व्यवहार को लेकर व्यापक आक्रोश के बीच हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

