home page

नगांव लोकसभा उपचुनाव के नतीजे को कांग्रेस उम्मीदवार शिवामणि बोरा ने हाई कोर्ट में दी चुनौती

 | 
नगांव लोकसभा उपचुनाव के नतीजे को कांग्रेस उम्मीदवार शिवामणि बोरा ने हाई कोर्ट में दी चुनौती


गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस उम्मीदवार शिवामणि बोरा ने 2026 के नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा की जीत को चुनौती देते हुए गौहाटी उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। इस संबंध में दायर चुनाव याचिका को उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका संख्या 02/2026 के रूप में पंजीकृत किया गया है। याचिका में जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत देवाशीष शर्मा के निर्वाचन को अवैध घोषित करने की मांग की गई है।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा ने मंगलवार को जारी एक बयान में बताया कि याचिका में चुनावी अनियमितताओं और भ्रष्ट आचरण से संबंधित चार प्रमुख आरोप लगाए गए हैं।

पहला आरोप सरकारी अधिकारियों के कथित दुरुपयोग से संबंधित है। याचिका के अनुसार, देवाशीष शर्मा 3 सितंबर, 2026 तक नगांव के जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इसी दिन वह भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके महज छह दिन बाद, 9 सितंबर को उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने पर उन्होंने उसी नगांव लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव कराने वाले अधिकारी कुछ सप्ताह पहले तक उनके अधीन कार्यरत थे और उन्होंने चुनाव में शर्मा की सहायता की। इसे अधिनियम की धारा 123(7) के तहत भ्रष्ट चुनावी आचरण बताया गया है।

दूसरा आरोप कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदान अभिकर्ताओं को धमकी देने तथा मतदान केंद्रों पर कब्जा करने से संबंधित है। याचिका में दावा किया गया है कि मतदान से कुछ दिन पहले गेरुआ में भाजपा उम्मीदवार की मौजूदगी में आयोजित एक बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदान अभिकर्ताओं को मतदान के दिन पार्टी के लिए काम नहीं करने की चेतावनी दी गई थी। इसके अलावा, 6 अक्टूबर को मतदान के दिन सामागुरी विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर कथित रूप से कब्जा किया गया तथा कांग्रेस के मतदान अभिकर्ताओं को बाहर रखा गया। इस संबंध में 7 अक्टूबर को जिला आयुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

तीसरे आरोप में भाजपा उम्मीदवार के समर्थकों पर मतदान की पूर्व संध्या और मतदान के दिन बिना किसी अधिकार के विभिन्न मतदान केंद्रों में प्रवेश करने तथा मतदाताओं के बीच धन बांटने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस के अनुसार, इन घटनाओं की शिकायत मतदान के दौरान ही चुनाव अधिकारियों से लिखित रूप में की गई थी।

चौथा आरोप मतदान के दौरान एक कांग्रेस मतदान अभिकर्ता को कथित रूप से जबरन मतदान केंद्र से बाहर निकालने और क्षेत्र से हटाने से संबंधित है। कांग्रेस का कहना है कि इस घटना के कारण संबंधित मतदान केंद्र पर पार्टी का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं रह सका। इस संबंध में उसी दिन सेक्टर अधिकारी के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।

याचिका में जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123(1), 123(2), 123(7) और 123(8) का उल्लेख करते हुए धन वितरण, अनुचित प्रभाव, सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग और मतदान केंद्रों पर कब्जे जैसे भ्रष्ट चुनावी आचरण के आरोप लगाए गए हैं।

कांग्रेस के अनुसार, पार्टी ने मतदान से पहले और मतदान के दिन इन सभी मामलों से भारत निर्वाचन आयोग तथा जिला निर्वाचन अधिकारियों को अवगत कराया था और प्रभावित मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने की मांग की थी। हालांकि, चुनाव आयोग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस उम्मीदवार को न्याय की मांग के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

बयान में कहा गया है कि याचिका में लगाए गए आरोपों पर अब उच्च न्यायालय में सुनवाई और न्यायिक निर्णय होना बाकी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश