लखीमपुर में कांग्रेस प्रत्याशी के बयान से विवाद
लखीमपुर, 29 मार्च (हि.स.)। असम में जारी चुनावी प्रचार के बीच कांग्रेस प्रत्याशी घन बुढ़ागोहाईं के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कथित रूप से कहा कि “अगर कांग्रेस की सरकार आती है, तो मियां लोगों को कोई भी बेदखल नहीं कर सकेगा,” जिस पर विभिन्न पक्षों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
विपक्षी दलों ने इस बयान को मतदाताओं के ध्रुवीकरण की कोशिश बताते हुए आरोप लगाया है कि यह स्थानीय और असमिया समुदाय की भावनाओं की अनदेखी करता है। आलोचकों का कहना है कि चुनावी माहौल में इस तरह के बयान देकर विशेष समुदाय को साधने का प्रयास किया जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस प्रकार के बयान से क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है, खासकर जब चुनावी गतिविधियां चरम पर हैं। वहीं, विरोधी दलों ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना और विभाजनकारी बताया है।
इस मामले पर कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

