home page

मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनाव से पहले हिंसा का आरोप, कांग्रेस ने चुनाव आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

 | 
मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनाव से पहले हिंसा का आरोप, कांग्रेस ने चुनाव आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


गुवाहाटी, 19 नवंबर (हि.स.)। मिसिंग स्वायत्त परिषद (एमएसी) के 30 नवंबर को होने वाले चुनाव से पहले हिंसा, उम्मीदवारों पर हमले और मतदाताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने गुरुवार को राज्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा के नेतृत्व में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयुक्त से मुलाकात कर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।

ज्ञापन में 14 से 18 नवंबर के बीच माजुली और धेमाजी जिलों में हुई कई हिंसक घटनाओं का उल्लेख किया गया। कांग्रेस के अनुसार, इन घटनाओं में उम्मीदवारों, चुनाव एजेंटों और समर्थकों पर हमले किए गए तथा कई लोग घायल हुए।

कांग्रेस ने टीएमपीके, गणशक्ति और भाजपा समर्थकों पर उम्मीदवारों को धमकाने और चुनाव प्रचार में बाधा डालने का आरोप लगाया। पार्टी ने चुनाव क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने और हिंसा में शामिल आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश