home page

नगांव उपचुनाव में धांधली का कांग्रेस का आरोप, पुनर्मतदान की मांग

 | 
नगांव उपचुनाव में धांधली का कांग्रेस का आरोप, पुनर्मतदान की मांग


गुवाहाटी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं धुबड़ी के सांसद रकीबुल हुसैन ने बुधवार को नगांव लोकसभा उपचुनाव में व्यापक धांधली का आरोप लगाते हुए प्रभावित मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने की मांग की।

नगांव में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए हुसैन ने आरोप लगाया कि मंगलवार को मतदान के दौरान सामागुड़ी विधानसभा क्षेत्र के कई केंद्रों पर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने दावा किया कि कुछ मतदान केंद्रों में अज्ञात लोग करीब 11 वाहनों में सवार होकर पहुंचे और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया।

नगांव जिला कांग्रेस समिति ने इन आरोपों को लेकर निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराने की मांग की है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। नगांव में मंगलवार को 76.19 प्रतिशत मतदान हुआ था और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश