home page

ग्वालपाड़ा के स्कूल में हिंदू छात्रों पर बीफ खाने का दबाव डालने का आरोप

 | 
ग्वालपाड़ा के स्कूल में हिंदू छात्रों पर बीफ खाने का दबाव डालने का आरोप


ग्वालपाड़ा (असम), 06 जून (हि.स.)। असम के ग्वालपाड़ा जिले के कृष्णाई क्षेत्र स्थित हाबराघाट हायर सेकेंडरी स्कूल में कुछ छात्रों द्वारा कक्षा के भीतर बीफ खाने तथा दो हिंदू छात्रों पर उसे खाने का दबाव बनाने के आरोप को लेकर कृष्णाई थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।

शिकायत के अनुसार, मुस्लिम समुदाय से जुड़े पांच छात्र कथित रूप से बीफ स्कूल लेकर आए और कक्षा के भीतर उसका सेवन किया। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने अपने दो हिंदू सहपाठियों को भी वह मांस खाने के लिए दबाव डाला।

पीड़ित छात्रों के परिजनों का कहना है कि दोनों छात्रों ने घर लौटने के बाद घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मना करने पर छात्रों पर मानसिक दबाव बनाया गया, जिसके बाद दोनों परिवारों ने कृष्णाई थाना पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

घटना के सामने आने के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं ने स्कूल प्रशासन पर भी आरोप लगाया है कि उसने मामले में उचित कार्रवाई नहीं की और घटना को सार्वजनिक होने से रोकने का प्रयास किया।

कृष्णाई थाना के प्रभारी आनंद राभा ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रभावित छात्रों के अभिभावकों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश