असम विस चुनाव के लिए ईवीएम व वीवीपैट की कमीशनिंग प्रक्रिया शुरू
कोकराझार (असम), 31 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा के आम चुनाव के मद्देनज़र 1-गोसाईगांव, 2-दोतम (एसटी), 3-कोकराझार (एसटी), 4-बाओखुंगरी तथा 5-परबतझोरा विधानसभा क्षेत्रों में उपयोग हेतु इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की कमीशनिंग प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, असम के निर्देश के अनुसार, ईवीएम एवं वीवीपैट की कमीशनिंग मतदान केंद्रवार की जाएगी। इसमें आरक्षित मशीनें भी शामिल होंगी। इस प्रक्रिया के अंतर्गत बैलेट यूनिट में बैलेट पेपर की स्थापना, कंट्रोल यूनिट में उम्मीदवारों की सेटिंग तथा वीवीपैट में चुनाव चिह्नों का लोडिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। कमीशनिंग से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश निर्वाचन आयोग की ओर से दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, इन सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट की कमीशनिंग मंगलवार को प्रातः 9 बजे से बोडोलैंड विश्वविद्यालय एवं सरकारी उच्चतर माध्यमिक एवं एमपी स्कूल, कोकराझार में संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की निगरानी में संपन्न की गयी।
सभी प्रत्याशियों से आह्वान किया गया है कि वे स्वयं या अपने अधिकृत प्रतिनिधियों के माध्यम से इस प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहें, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान यादृच्छिक रूप से चयनित 5 प्रतिशत ईवीएम एवं वीवीपैट पर मॉक पोल भी कराया गया, जिसमें 1000 मत डालकर इलेक्ट्रॉनिक परिणाम का मिलान वीवीपैट पर्चियों से किया गया।
कमीशनिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सभी मशीनों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। मतदान दलों के प्रस्थान दिवस पर स्ट्रॉन्ग रूम को प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति तथा वीडियोग्राफी के बीच खोला और बंद किया गया।
चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

