कोडीन युक्त कफ सिरप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये की खेप बरामद
कछार (असम), 02 जून (हि.स.)। असम के कछार जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है।
कछार जिला पुलिस मुख्यालय द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार
उदारबंद थाना क्षेत्र में विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दुर्गानगर पार्ट-5 (गुराली) स्थित साहिद अहमद बरभुइयां के गोदाम में छापेमारी की। अभियान के दौरान 1,420 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। मामले में दुर्गानगर पार्ट-5 निवासी 54 वर्षीय अजीजुल हक बरभुइयां को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
वहीं, सिलचर थाना क्षेत्र के बिलपार इलाके में विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने एएस-01-एससी-5017 नंबर के एक वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 7,200 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इस मामले में श्रीकोना निवासी बिंदुला दास को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद कफ सिरप को जब्त कर लिया है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

