home page

कछार में पांच करोड़ रुपये की कफ सिरप जब्त, 47 हजार बोतलें बरामद

 | 
कछार में पांच करोड़ रुपये की कफ सिरप जब्त, 47 हजार बोतलें बरामद


कछार (असम), 03 नवंबर (हि.स.)। असम में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुथीचेरा टोल गेट पर पुलिस ने कोडीन आधारित कफ सिरप की 47 हजार बोतलें जब्त की हैं। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत पांच करोड़ रुपये बताई गई है।

कछार के पुलिस अधीक्षक द्वारा आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान मध्य प्रदेश के पंजीकरण नंबर (एमपी-33एच-3083) वाले एक एलपी ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में चीनी की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 470 कार्टन बरामद हुए। इन कार्टनों में फेरीडिल ब्रांड की 100 मिलीलीटर क्षमता वाली कुल 47,000 बोतलें थीं।

इस मामले में ट्रक चालक अयूब खान और सहचालक रेहबर अली को हिरासत में लिया गया है। दोनों मध्य प्रदेश के भोपाल के निवासी बताए गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक कानपुर से अगरतला की ओर जा रहा था। दोनों व्यक्ति कफ सिरप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहे।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश