home page

मणिपुर में उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैनात होंगे कोबरा कमांडो

 | 
मणिपुर में उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तैनात होंगे कोबरा कमांडो


इम्फाल, 31 मई, (हि.स.)। हिंसा प्रभावित मणिपुर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और स्थायी शांति स्थापित करने के उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। केंद्र ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की विशेष इकाई ‘कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन’ (कोबरा) की दो बटालियनों को राज्य में तैनात करने की मंजूरी दे दी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में तैनात 207 कोबरा बटालियन तथा असम स्थित 210 कोबरा बटालियन को आगामी सप्ताह के भीतर मणिपुर में परिचालन दायित्व सौंपे जाएंगे। इन विशेष कमांडो इकाइयों को राज्य में हिंसा और अशांति फैलाने वाले सशस्त्र उग्रवादी संगठनों के खिलाफ लक्षित अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

राज्य के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि कोबरा कमांडो राज्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले उग्रवादी तत्वों के विरुद्ध केंद्रित अभियान संचालित करेंगे। उन्होंने कहा कि कोबरा की तैनाती मणिपुर में आतंकवाद-रोधी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।

अधिकारी ने बताया कि कोबरा इकाइयों का गठन वर्ष 2008-09 में मुख्य रूप से वामपंथी उग्रवाद और विद्रोही गतिविधियों से निपटने के लिए किया गया था। वर्तमान में इस विशेष बल की 10 बटालियन हैं और प्रत्येक बटालियन में लगभग एक हजार प्रशिक्षित कमांडो शामिल हैं। ये जवान खुफिया जानकारी आधारित अभियानों, गुरिल्ला युद्ध, जंगल युद्धकला तथा आतंकवाद-रोधी अभियानों में विशेषज्ञ माने जाते हैं।

मध्य भारत में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान कोबरा बल ने कई सफल कार्रवाइयों को अंजाम देकर माओवादी गतिविधियों को कमजोर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि देश में माओवादी हिंसा में कमी आने के बाद कोबरा की कुछ इकाइयों को अब अन्य उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए पुनः तैनात किया जा रहा है।

वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी संकेत दिया कि मणिपुर के अलावा भविष्य में जम्मू-कश्मीर में विशेष अभियान चलाने के लिए भी कोबरा की एक या दो बटालियनों की तैनाती पर विचार किया जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश