कोकराझार में सीएमएएए योजना के तहत उद्यमियों में वित्तीय सहायता वितरित
कोकराझार (असम), 17 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान (सीएमएएए) 1.0 और 2.0 के तहत कोकराझार जिले में गुरुवार को पांच विधानसभा क्षेत्रों में लाभार्थी उद्यमियों के बीच वित्तीय सहायता का औपचारिक वितरण किया गया। गुवाहाटी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की उपस्थिति में आयोजित केंद्रीय कार्यक्रम का पांचों स्थलों पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम कोकराझार विधानसभा क्षेत्र के बोडोफा सांस्कृतिक परिसर, गोसाईगांव के हाब्रुबिल कम्युनिटी हॉल, डोटमा विधानसभा क्षेत्र के कचुगांव स्थित शहीद सुजित नार्जारी मेमोरियल ऑडिटोरियम हॉल, बौखुंगरी विधानसभा क्षेत्र के फकीराग्राम स्थित पुराना बाजार कम्युनिटी हॉल तथा परबतझोरा विधानसभा क्षेत्र के देबीतोला स्थित विष्णु राभा भवन में आयोजित किया गया।
सीएमएएए 1.0 के तहत जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के कुल 487 उद्यमियों को दूसरी किश्त की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इनमें परबतझोरा के 133, कोकराझार के 126, गोसाईगांव के 87, डोटमा के 71 तथा बौखुंगरी के 70 उद्यमी शामिल हैं।
वहीं, सीएमएएए 2.0 के तहत जिले में कुल 3,186 उद्यमियों को जोड़ा गया है। ईडीपी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 23 फरवरी 2026 को प्रत्येक लाभार्थी को 75 हजार रुपये की पहली किश्त प्रदान की गई थी, जबकि शेष 25 हजार रुपये की अनुदान राशि गुरुवार को वितरित की गई। विधानसभा क्षेत्रवार परबतझोरा में 650, कोकराझार (एसटी) में 649, बौखुंगरी में 645, गोसाईगांव में 639 तथा डोटमा (एसटी) में 603 उद्यमी योजना के लाभार्थी हैं।
बोडोफा सांस्कृतिक परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जयंता बसुमतारी ने कहा कि कोकराझार का विकास असम के विकास में योगदान देगा और इससे देश की प्रगति को भी गति मिलेगी। उन्होंने सफल व्यवसायों के उदाहरणों का उल्लेख करते हुए लाभार्थियों से उद्यमिता को अपनाने, आत्मनिर्भर बनने तथा सरकारी सहायता का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक सेवली मोहिलारी ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि सीएमएएए के तहत दी जा रही सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सामाजिक प्रगति की दिशा में एक अवसर एवं निवेश है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इससे पहले स्वागत भाषण में जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने सीएमएएए की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान इच्छुक उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग का प्रभावी उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने उद्यमिता को मजबूत करने के लिए एक्सपोजर प्रशिक्षण, ऋण मेलों तथा संस्थागत ऋण तक पहुंच के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में एमसीएलए जुबीराज बसुमतारी, बीटीसी के ईएम देरहासत बसुमतारी, अतिरिक्त जिला आयुक्त सुप्रभा रॉय, सहायक आयुक्त, LDM, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

